#National

सुप्रीम कोर्ट में कंगना रनौत की याचिका पर सुनवाई, किसान आंदोलन से जुड़ा मामला

सुप्रीम कोर्ट में अभिनेत्री कंगना रनौत की उस याचिका पर सुनवाई शुरू हुई है, जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मानहानि मामले को चुनौती दी है। यह मामला वर्ष 2020-21 के किसान आंदोलन से जुड़ा है। दरअसल, कंगना ने आंदोलन के दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी पर टिप्पणी करते हुए उसे शाहीन बाग आंदोलन की दादी बिलकिस बानो बताया था। इस टिप्पणी के खिलाफ पंजाब के बठिंडा जिले के बहादुरगढ़ जांडियान गांव की 73 वर्षीय महिंदर कौर ने 2021 में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि कंगना की टिप्पणी से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और समाज में उनकी छवि धूमिल हुई। इससे पहले, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने 1 अगस्त को कंगना की याचिका खारिज करते हुए कहा था कि अभिनेत्री के खिलाफ लगाए गए आरोप विशिष्ट हैं और उनके रीट्वीट से शिकायतकर्ता की छवि पर प्रतिकूल असर पड़ा है। हाई कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि यह शिकायत दुर्भावनापूर्ण नहीं कही जा सकती, क्योंकि इसका उद्देश्य अपने अधिकारों की रक्षा करना है। अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *