प्रदेश में 25,237 यात्रियों के बने हिम बस कार्ड; आसान होगा सफर, नई पॉलिसी बनाने में मिलेगा लाभ
एचआरटीसी बसों में रियायती दरों पर यात्रा करने वाली 28 श्रेणियों के लिए जारी किए जा रहे हिम बस कार्ड अब निगम के लिए नई नीतियाँ तैयार करने में भी सहायक सिद्ध होंगे। प्रदेशभर में अब तक 25,237 यात्रियों ने हिम बस कार्ड बनवाए हैं, जिनमें 3,000 दिव्यांग यात्री भी शामिल हैं। कार्ड को हिम परिवार ऐप से जोड़ा गया है ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी को रोका जा सके।
रियायती यात्रा के लिए पात्र सभी श्रेणियों के लिए हिम एक्सेस पोर्टल पर ये कार्ड बनाए जा रहे हैं। हिम बस कार्ड के जरिए यात्रियों के लिए न सिर्फ यात्रा करना आसान होगा, बल्कि भविष्य में कार्ड बनवाने के लिए लाइन में खड़ा होने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। यह सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में उपलब्ध है।
प्रदेश सरकार ने इन श्रेणियों को यह सुविधा प्रदान की है ताकि यात्रियों को आरामदायक यात्रा मिले और निगम को यह भी जानकारी मिल सके कि बसों में कौन कितना सफर कर रहा है।
नि:शुल्क और रियायती यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए हिम बस कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। इससे पास पर होने वाली गड़बड़ियों पर रोक लगेगी और यात्री केवल उसी स्टेशन तक रियायती दरों पर यात्रा कर पाएंगे, जिसके लिए उनका पास जारी किया गया है।





