हिमाचल में निवेश के लिए उद्योग विभाग की टीम जापान दौरे पर
उद्योग विभाग की टीम हिमाचल में निवेश बढ़ाने के उद्देश्य से जापान दौरे पर है। टीम ने ऊना के हरोली में बन रहे बल्क ड्रग पार्क और नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क में फार्मा उद्योग स्थापित करने के लिए जापानी उद्योगपतियों को आमंत्रित किया। इसके अलावा, बद्दी, नालागढ़ और सिरमौर में भी उद्योग लगाने के लिए निवेशकों के साथ एमओयू साइन किए जाने हैं।
इस दौरे में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इससे पहले टीम अहमदाबाद दौरे पर भी जा चुकी है, जहां जाइडस लाइफ साइंसेज, टोरेंट फार्मास्युटिकल, कैडिला फार्मा और इंटास फार्मास्युटिकल जैसी कंपनियों को निवेश का न्योता दिया गया था।
जापान में आयोजित इन्वेस्टर मीट में देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपति और केंद्रीय अधिकारी भी शामिल होंगे। हिमाचल उद्योग विभाग के अधिकारी पांच दिन तक इन निवेशकों से मुलाकात करेंगे और उन्हें प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।
प्रदेश सरकार ने उद्योग लगाने की औपचारिकताओं को सरल बनाने और एक छत के नीचे उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क में कम से कम 40 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। हिमाचल सरकार अधिक से अधिक उद्योग स्थापित करने के लिए लगातार कंपनियों के संपर्क में है।





