#Himachal Pradesh #Shimla

मोदी सरकार बाबा साहेब के विचारों से प्रेरित होकर बना रही है समावेशी भारत : डॉ. सिकंदर कुमार

शिमला | 06 दिसंबर 2025

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने संसद भवन परिसर, नई दिल्ली में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के 70वें महापरिनिर्वाण दिवस पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का संपूर्ण जीवन सामाजिक उत्थान, समानता, श्रमिक कल्याण और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा है, जिनकी विचारधारा आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही है।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि बाबा साहेब केवल भारतीय संविधान के शिल्पकार ही नहीं, बल्कि महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, दार्शनिक, समाज सुधारक और राष्ट्र निर्माता थे। उनके प्रयासों ने आधुनिक लोकतांत्रिक भारत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने ऐसे राष्ट्र का स्वप्न देखा था, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मान मिले।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार इन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय, जन कल्याण और सुशासन की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 27 नवंबर 2025 को पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर बाबा साहेब की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण होना पूरे विश्व के लिए गौरव का क्षण है। यह प्रतिमा केवल एक महान नेता को सम्मान नहीं, बल्कि न्याय, समानता और मानव गरिमा के वैश्विक प्रतीक के रूप में स्थापित हुई है।

डॉ. सिकंदर कुमार ने आगे कहा कि बाबा साहेब ने श्रमिकों, किसानों, दलितों और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए अथक संघर्ष किया। गोलमेज सम्मेलनों से लेकर बंबई विधानसभा तक उन्होंने जीवन निर्वाह मजदूरी, उचित कार्य परिस्थितियों, किसानों की मुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाई। इंडिपेंडेंट लेबर पार्टी की स्थापना कर उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा और उनके कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए।

उन्होंने बताया कि औद्योगिक विवाद विधेयक, मातृत्व लाभ, कामगार मुआवजा, बॉयलर संशोधन विधेयक सहित अनेक कानूनों के माध्यम से बाबा साहेब ने देश के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में ऐतिहासिक योगदान दिया।

अंत में डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें यह संदेश देता है कि सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व किसी भी मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। भाजपा इन्हीं मूल्यों को आत्मसात करते हुए “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *