#Himachal Pradesh

केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर को मिलेगा विकास बजट, 28.45 लाख रुपये होंगे खर्च

केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर की विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक शुक्रवार को जिलाधीश अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई और पीएम श्री योजना के अंतर्गत प्राप्त 28.45 लाख रुपये को विभिन्न निर्माण कार्यों एवं आवश्यक सामग्री की खरीद पर खर्च करने की मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक में तय किया गया कि विद्यालय परिसर में प्रस्तावित निर्माण कार्यों को केंद्रीय विद्यालय समिति को भेजा जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धनराशि का सदुपयोग निर्धारित नियमों के तहत किया जाए और हर कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

डीसी ने बिजली बोर्ड और हिम ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर में ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइन शिफ्ट की जाए और सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की प्रक्रिया तेज की जाए। साथ ही, विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विद्यालय परिसर से गुजरने वाली एचआरटीसी बस का समय बदला जाएगा।

बैठक में यह भी तय हुआ कि स्वास्थ्य विभाग किशोरी छात्राओं को सेनेटरी पैड की सुविधा देगा और नियमित रूप से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा।

भविष्य की योजनाएं

बैठक के दौरान डीसी ने कहा कि विद्यालय में बाल वाटिका-1 व 2, जूनियर साइंस लैब, अतिरिक्त क्लासरूम, गार्ड रूम, एनसीसी रूम, फुटपाथ, ऑडिटोरियम और स्टेडियम जैसी सुविधाओं के निर्माण के लिए सीपीडब्ल्यूडी की मदद से एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से एक संयुक्त ब्लॉक में विकसित हों, ताकि इधर-उधर बिखरे निर्माण कार्यों से बचा जा सके।

विद्यालय की उपलब्धियां

जिलाधीश ने बताया कि केवीएस के गुरुग्राम जोन के अंतर्गत आने वाले 63 केंद्रीय विद्यालयों में हमीरपुर का विद्यालय तीसरे स्थान पर है। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की और शिक्षकों अरविंद कुमार, संजीव कुमार, नीनू बाला, राजेश पराशर, अरुण सिंह, नरेंद्र कुमार, कृष्णा, डेकिट जामगो, प्रभिता खट्टा और डीके दरोच को सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजय कुमार ने विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में एसडीएम संजीत सिंह, सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. एमआर चौहान, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती समेत कई अधिकारी और वीएमसी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *