नई जीएसटी दरें लागू: उपभोक्ताओं और किसानों को मिलेगी राहत
हिमाचल प्रदेश में जीएसटी की नई दरें लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को कई वस्तुओं पर राहत मिलेगी। सीमेंट, होटल कमरे, सेब की पैकिंग सामग्री और कृषि उपकरणों जैसी चीजों के दाम घटने से पहाड़ी राज्य के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
सोमवार से सीमेंट के बैग पर 30 से 40 रुपये तक की कमी देखने को मिलेगी, वहीं सीमेंट ब्लॉक भी सस्ते हो जाएंगे। आपदा से प्रभावित पर्यटन उद्योग के लिए भी यह राहत भरी खबर है। शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर होटल कमरों के किराये घटने से पर्यटकों और कारोबारियों दोनों को फायदा होगा।
कृषि उपकरण भी अब कम दामों पर मिलेंगे। पहाड़ी इलाकों में जहां परिवहन लागत अधिक होने से वस्तुएं महंगी पड़ती हैं, वहीं जीएसटी दरों में कमी से लोगों की जेब पर बोझ कम होगा। हालांकि, सरिया पहले ही 18 प्रतिशत जीएसटी स्लैब में था, इसलिए उसके दामों में कोई बदलाव नहीं होगा।
वर्तमान में चल रहे सेब सीजन के बीच पैकिंग सामग्री पर भी राहत मिलेगी। कार्टन और ट्रे पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत हो जाएगा। ठियोग के जोशी एसोसिएट्स के प्रॉपराइटर मनीष जोशी के अनुसार, फिलहाल सेब के यूनिवर्सल कार्टन 54 से 61 रुपये तक बिक रहे हैं, जबकि ट्रे की कीमत 570 रुपये प्रति यूनिट है। नई दरों से इन पर करीब 7 प्रतिशत की कटौती होगी।हालांकि, बागवान नेता हरीश चौहान का मानना है कि इसका वास्तविक असर बहुत बड़ा नहीं होगा और महज एक प्रतिशत तक का ही अंतर दिखाई देगा।





