#Himachal Pradesh #Shimla

नववर्ष पर यात्रियों को सौगात: 1 जनवरी से कालका–शिमला रेललाइन पर रोजाना चलेगी अप-डाउन मिक्स ट्रेन

नववर्ष के अवसर पर रेलवे बोर्ड ने यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। एक जनवरी से कालका–शिमला विश्व धरोहर रेललाइन पर अप-डाउन मिक्स ट्रेन रोजाना नए शेड्यूल के साथ संचालित की जाएगी। यह ट्रेन कालका से शिमला और शिमला से कालका के बीच नियमित रूप से चलेगी, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस पेसेंजर ट्रेन की सभी बोगियां जनरल श्रेणी की होंगी और ट्रेन मार्ग के सभी रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इससे यात्रियों को हर स्टेशन पर चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी। अभी तक यह ट्रेन एक दिन अप और दूसरे दिन डाउन दिशा में चलाई जाती थी, जिससे लोगों को असुविधा होती थी।

ट्रेन का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। कोरोना काल के बाद बंद हुई इस ट्रेन को मार्च 2025 में ट्रायल के तौर पर फिर से शुरू किया गया था। करीब नौ माह के ट्रायल में यात्रियों की अच्छी भीड़ देखने को मिली, जिसके बाद इसे रोजाना चलाने का निर्णय लिया गया है।

नए शेड्यूल के अनुसार ट्रेन सुबह 8:00 बजे कालका से रवाना होकर दोपहर 1:55 बजे शिमला पहुंचेगी, जबकि शिमला से डाउन मिक्स ट्रेन शाम 5:00 बजे चलेगी और रात 10:22 बजे कालका पहुंचेगी। इसके साथ ही रेलवे बोर्ड ने शिवालिक एक्सप्रेस सहित कुछ अन्य ट्रेनों के शेड्यूल में भी बदलाव किया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *