भूटान से लौटते ही पीएम मोदी पहुंचे एलएनजेपी अस्पताल, दिल्ली विस्फोट के घायलों का जाना हाल
भूटान यात्रा से लौटते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को सीधे दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल पहुंचे और दिल्ली विस्फोट में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने डॉक्टरों और अधिकारियों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और घायलों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, “एलएनजेपी अस्पताल जाकर दिल्ली विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिला। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस षड्यंत्र के दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।”
गौरतलब है कि लाल किले के पास मंगलवार शाम हुए कार विस्फोट में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक घायल हैं। पीएम मोदी भूटान की राजधानी थिम्पू में भी इस घटना का जिक्र करते हुए कह चुके हैं कि इस षड्यंत्र में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
इस बीच गृह मंत्रालय ने विस्फोट की जांच का जिम्मा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने जांच एजेंसियों के प्रमुखों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की और स्वयं अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की थी।





