मांगों पर बनी सहमति, निजी बस चालकों और परिचालकों ने खत्म की हड़ताल
राजधानी शिमला में निजी बस चालक एवं परिचालक संघ ने सोमवार शाम अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। देर शाम परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मांगों पर सहमति बनने के बाद यूनियन ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया।
यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि मंगलवार से सभी निजी बसों का संचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा। यूनियन की प्रमुख मांग थी कि 40 किलोमीटर से अधिक दूरी से आने वाली बसों को शिमला शहर और ओल्ड बस अड्डे में प्रवेश की अनुमति न दी जाए। परिवहन विभाग ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है।
अब ऐसी लगभग 20 रूटों की बसें सीधे आईएसबीटी टुटू तक जाएंगी। इससे शहर के भीतर ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और स्थानीय रूटों पर बसों की आवाजाही पहले से बेहतर होगी।
सोमवार सुबह शुरू हुई इस हड़ताल के चलते दिनभर शहरवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। करीब 120 से अधिक निजी बसों के संचालन पर असर पड़ा, जिससे स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और जरूरी कामों के लिए आने-जाने वालों को दिक्कतें हुईं।
वर्किंग डे होने की वजह से बस स्टॉपों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि, देर शाम समझौता होने के बाद अब उम्मीद है कि मंगलवार से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।





