धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टी-20 मैच के लिए 11 दिसंबर से ऑफलाइन टिकट बिक्री शुरू
धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 14 दिसंबर को होने वाले टी-20 मुकाबले के लिए अब क्रिकेट प्रेमी 11 दिसंबर से ऑफलाइन टिकट खरीद सकेंगे। इसके लिए एचपीसीए गुरुवार से स्टेडियम गेट पर ऑफलाइन टिकट काउंटर स्थापित कर रहा है। प्रशंसक सुबह 10 बजे के बाद कतार में लगकर टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
वर्तमान में टिकटों की ऑनलाइन बिक्री जारी है, जिसमें 1500 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक के टिकट उपलब्ध थे। जानकारी के अनुसार, सस्ते टिकट ऑनलाइन पूरी तरह बिक चुके हैं। ऑफलाइन काउंटर पर टिकट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिए जाएंगे।
एचपीसीए की ओर से ऑफलाइन टिकट काउंटर के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं, ताकि दर्शकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। मैच की तैयारियों को देखते हुए स्टेडियम को बुधवार से आम लोगों और पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाएगा। अब मैच के बाद ही स्टेडियम दोबारा खोलने की अनुमति दी जाएगी।
एचपीसीए सचिव अवनीश परमार ने बताया कि दर्शकों की सुविधा और तैयारियों को सुचारू रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।





