राज्य की पहली रोबोटिक मलाशय कैंसर सर्जरी सफल — टांडा मेडिकल कॉलेज ने रचा नया इतिहास
हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। टांडा मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए राज्य की पहली रोबोटिक मलाशय (रेक्टम) कैंसर सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।
यह सर्जरी नूरपुर की 51 वर्षीय महिला मरीज पर की गई, जो लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। इस जटिल सर्जरी को डॉ. अंकित शुक्ला (गैस्ट्रो सर्जन) और डॉ. महेंद्र राणा (मिनिमल एक्सेस, लैप्रोस्कोपिक व रोबोटिक सर्जन) ने अपनी टीम के साथ मिलकर पूरा किया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति सामान्य है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद जताई गई है।
डॉ. राणा के अनुसार, रोबोटिक सर्जरी कैंसर उपचार में क्रांतिकारी तकनीक साबित हो रही है, क्योंकि यह पारंपरिक सर्जरी की तुलना में अधिक सटीकता, बेहतर दृश्यता और कम रक्तस्राव सुनिश्चित करती है।
टांडा मेडिकल कॉलेज अब तक रोबोटिक तकनीक से 30 से अधिक जटिल सर्जरियां कर चुका है, जिनमें पेंक्रियाज, हर्निया और स्त्री रोग संबंधी ऑपरेशन शामिल हैं।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप शर्मा और उप मुख्य सचेतक व विधायक केवल सिंह पठानिया ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डॉक्टरों की टीम को बधाई दी है और कहा कि यह सफलता हिमाचल में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ा कदम है।





