स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती और युवाओं को रोजगार : डॉ. शांडिल
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है।
सायरी स्वास्थ्य केंद्र में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करने के बाद उन्होंने बताया कि अस्पतालों में डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों की नियुक्ति से सेवाओं का विस्तार हुआ है। कैबिनेट ने 9 जिलों के आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 28 डायलिसिस केंद्र खोलने की मंजूरी दी है, ताकि मरीजों को घर के नजदीक ही सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 300 जॉब ट्रेनी नियुक्त किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नशामुक्त प्रदेश बनाने के लिए हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने जानकारी दी कि “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” के तहत 17 सितम्बर से अब तक जिले में 1164 शिविरों के माध्यम से 54,461 मरीजों की जांच की गई है। आज के शिविर में 286 रोगियों की जांच हुई। शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया।





