पश्चिम बंगाल में BJP सांसद खगेन मुर्मू पर हमले का मामला गरमाया, लोकसभा सचिवालय ने गृह मंत्रालय से मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद खगेन मुर्मू पर हुए हमले का मामला अब लोकसभा सचिवालय तक पहुंच गया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सचिवालय ने गृह मंत्रालय को एक पत्र भेजा है और पश्चिम बंगाल सरकार से तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगे जाने के निर्देश दिए हैं।
संसद सचिवालय ने गृह मंत्रालय से कहा है कि वह राज्य सरकार से इस घटना पर तथ्यात्मक नोट (फैक्चुअल रिपोर्ट) तलब करे और यह जानकारी दे कि हमले की जांच में अब तक क्या प्रगति हुई है।
गौरतलब है कि हाल ही में जलपाईगुड़ी में सांसद खगेन मुर्मू पर हमला किया गया था, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि हमले के दौरान उनके सिर पर चोट लगी और उनकी आंख बाल-बाल बची।
घटना के बाद से भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और पश्चिम बंगाल सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, केंद्र सरकार ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट मांगी है।





