बेनतीजा रही पंजाब सरकार और किसानों के बीच बैठक

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और किसान संगठनों के बीच हुई बैठक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी, जिससे सरकार और किसानों के बीच टकराव और बढ़ गया है। बैठक में पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां और मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल भी मौजूद थे।
बैठक के बाद किसान नेता जोगिंदर सिंह उग्राहन ने कहा कि 5 मार्च को चंडीगढ़ में होने वाला विरोध प्रदर्शन तय कार्यक्रम के अनुसार होगा। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सड़कों और ट्रेनों को रोकना किसी भी समस्या का हल नहीं है, इससे आम जनता को परेशानी होती है और अन्य व्यवसायों पर भी असर पड़ता है।
हालांकि, किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने दावा किया कि CM भगवंत मान बैठक के दौरान गुस्से में उठकर चले गए। किसानों ने एक बार फिर चंडीगढ़ में आंदोलन करने की घोषणा की है। वहीं, मान ने किसानों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 5 मार्च के विरोध प्रदर्शन को वापस नहीं लिया गया, तो पहले से स्वीकृत मांगों को भी रद्द कर दिया जाएगा।
बैठक के बाद तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, और अब नजरें 5 मार्च को होने वाले किसान आंदोलन पर टिकी हैं।