ऊना: पालकवाह खास स्थित स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में शिफ्ट होगा एसडीआरएफ कार्यालय
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) का कार्यालय ऊना जिले के हरोली उपमंडल के पालकवाह खास स्थित स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट भवन में स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। हाल ही में हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद अब विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
कैबिनेट के निर्णय के क्रम में संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के लिए औपचारिक पत्राचार जारी कर दिया गया है। श्रम, रोजगार एवं ओवरसीज़ प्लेसमेंट विभाग ने आपदा प्रबंधन विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, श्रम आयुक्त और उपायुक्त ऊना को पत्र भेजकर भवन के उपयोग को स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकारी आदेश के अनुसार एसडीआरएफ कार्यालय को 15 फरवरी 2026 तक पालकवाह खास स्थित स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट परिसर में शिफ्ट करने का प्रस्ताव है। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि मंत्रिमंडल के निर्णय के अनुरूप विभागीय कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि इस कदम से राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। एसडीआरएफ की स्थायी तैनाती से ऊना जिला सहित आसपास के क्षेत्रों में आपात स्थितियों के दौरान त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे।





