#Himachal Pradesh #Shimla

विश्व कप विजेता रेणुका ठाकुर का रोहडू में भव्य स्वागत, मां से मिली मेहनत की प्रेरणा

आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर जब अपने गृह क्षेत्र रोहडू पहुंचीं, तो लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल मालाओं, ढोल-नगाड़ों और उत्साह से भरे जनसमूह ने रेणुका को कंधों पर उठाकर सम्मानित किया।

घर पहुंचने से पहले रेणुका ठाकुर ने हाटकोटी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद विधायक मोहन लाल ब्राक्टा और स्थानीय प्रशासन की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। उनके घर पर इस खुशी के अवसर पर धाम का भी आयोजन किया गया।

रेणुका ठाकुर ने कहा कि इस सफलता का श्रेय वह अपनी मां की प्रेरणा और चाचा भूपिंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन को देती हैं। उन्होंने कहा, “मेहनत की कभी हार नहीं होती। विश्व कप की जीत से देशभर की लड़कियों में क्रिकेट के प्रति उत्साह और बढ़ेगा।”

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान लगातार तनाव बना रहता है, लेकिन टीम ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल बनाए रखती है जिससे मनोबल ऊंचा रहता है। रेणुका ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में परिवार का सहयोग और दिन-रात की मेहनत ने अहम भूमिका निभाई है।

रेणुका ठाकुर ने बताया कि विश्व कप जीत के बाद सबसे पहले हिमाचल सरकार ने उन्हें ईनामी राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात उनके जीवन का गर्वपूर्ण क्षण रहा।

अंत में रेणुका ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार प्रतिभाओं को समय पर पहचानकर मंच प्रदान करे, तो हर युवा ऊंचाइयों को छू सकता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *